RJD Foundation day: जयनगर में राजद ने मनाया पार्टी का 28वां स्थापना दिवस

जयनगर (कोडरमा) | RJD Foundation day: सांस्कृतिक भवन जयनगर में शुक्रवार को राजद ने अपना समाज स्थापना दिवस मनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता इरशाद आलम व संचालन बलराम यादव ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार यादव ने झंडोत्तोलन कर किया।

उल्लेखनीय है कि राजद का स्थापना 5 जुलाई 1997 को हुआ था। आज राजद 28 वर्ष की हो गई है। स्थापना दिवस के मौके पर विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंका गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजद प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार यादव ने कहा कि दलित, शोषित व गरीबों तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करने के लिए सामाजिक न्याय के पुरोधा लालू प्रसाद यादव ने 5 जुलाई 1997 को राजद की स्थापना की थी।

तब से आज राजद सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के तहत बरकट्ठा सीट से राजद का चुनाव लड़ना तय है। चुनाव को देखते हुए पार्टी ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी आलाकमान के निर्देश पर प्रत्याशी उतारे जायेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि विधान सभा चुनाव की तैयारी में अभी से लग जाएं।

चुनाव तक प्रखंड से लेकर बूथ स्तर तक कमेटी का निर्माण और सदस्यता अभियान चलाएं। राजद पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। पूर्व विधायक जानकी प्रसाद यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राजद ने उन्हें पहचान दिलाई। इसके बाद वे दूसरे दल में चले गए। उन्होंने कहा कि वह सेकुलरिज्म की बात करते थे, मगर बाद में सांप्रदायिक विचारधारा के हो गए और अब एक बार फिर से सेकुलर बनने की होड़ में झामुमो में शामिल हो गए, जनता सबकुछ देख रही है समय पर पता चलेगा।

उन्होंने कहा कि इस विधान सभा क्षेत्र के लिए कोई नया चेहरा नहीं मिला। तब मुझे इसका दायित्व मिला है और मैं एक एक करके लोगों को जोड़कर जनता के सहयोग से राजद को मजबूत बनाया। उन्होंने वर्तमान विधायक पर कटाक्ष करते हुए कहा कि चाचा और भतीजा से ऊब चुकी जनता अब बदलाव के मूड में है। प्रदेश सचिव मुमताज आलम ने लालू प्रसाद के विचारों से लोगों को अवगत कराया। मौके पर जयनगर पूर्वी के कार्यकारी अध्यक्ष राकेश यादव व पश्चिमी के इरशाद आलम को बनाया गया।

मौके पर हासिम खान, राकेश यादव, रामाशंकर यादव, बिनोद कुमार राज, सूरज कनौजिया, परशुराम यादव, रियाज अंसारी, राजेन्दर रविदास, प्रमोद यादव, विजय दास, बबलू शर्मा, रामलाल यादव, बिंटू कुमार सहित भारी संख्या में राजद कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद थे