मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 1910 JSSC-CGL अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित संयुक्त स्नातक स्तरीय (CGL) परीक्षा में सफल 1910 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री ने मंच से 26 चयनित अभ्यर्थियों को स्वयं नियुक्ति पत्र सौंपे।

युवाओं को रोजगार देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता शुरू से ही युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराना रही है और आगे भी यह प्राथमिकता बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि आज का दिन केवल नियुक्ति पत्र वितरण का नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के लिए खुशियों और उम्मीदों का प्रतीक है।

बाधाओं के बावजूद सरकार ने पूरा किया संकल्प

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि परीक्षा प्रक्रिया और युवाओं को नौकरी देने के रास्ते में बार-बार बाधाएं खड़ी की गईं, लेकिन सरकार अपने संकल्प से पीछे नहीं हटी। उन्होंने कहा कि कानूनी, तकनीकी और राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद सरकार ने यह साबित कर दिया कि अगर नीयत साफ हो, तो वर्षों से लंबित भर्तियों को भी पूरा किया जा सकता है।

नियुक्ति पत्र केवल नौकरी नहीं, भरोसे की बहाली : हेमंत सोरेन

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में भर्तियां बार-बार अटकने से युवाओं में निराशा फैली थी, लेकिन आज नियुक्ति पत्र मिलने से न केवल रोजगार मिला है, बल्कि व्यवस्था पर युवाओं का भरोसा भी दोबारा मजबूत हुआ है। उन्होंने इसे महज भर्ती प्रक्रिया नहीं, बल्कि विश्वास बहाली की प्रक्रिया बताया।

JSSC-CGL के तहत इन पदों पर हुई नियुक्ति

जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा के माध्यम से विभिन्न विभागों में कुल 1910 पदों पर नियुक्ति की गई है, जिनमें—

  1. सहायक प्रशाखा पदाधिकारी : 847 पद
  2. प्रखंड कल्याण पदाधिकारी : 191 पद
  3. प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी : 239 पद
  4. श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी : 170 पद
  5. अंचल निरीक्षक सह कानूनगो : 178 पद
  6. कनीय सचिवालय सहायक : 288 पद
  7. प्लानिंग असिस्टेंट : 4 पद

नियुक्ति पाने वाली महिलाओं से ‘मंईयां सम्मान योजना’ पर अपील

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नियुक्ति पाने वाली महिलाओं से ‘मंईयां सम्मान योजना’ को लेकर एक अहम अपील की। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं को अब सरकारी नौकरी मिल गई है, वे स्वेच्छा से इस योजना का लाभ छोड़ दें, ताकि इसका लाभ उन जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंच सके, जिन्हें इसकी वास्तव में आवश्यकता है।

कार्यक्रम में मंत्री, सांसद और विधायक रहे मौजूद

इस भव्य समारोह में वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, उद्योग मंत्री संजय यादव, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सुरेश बैठा, विधायक राजेश कच्छप सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।