Road Safety Committee Meeting: ड्रिंक एंड ड्राइव करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के दिये निर्देश

Road Safety Committee Meeting: कोडरमा समाहरणालय में उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ड्रिंक एंड ड्राइव करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के दिये निर्देश। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई।

बैठक में सड़क दुर्घटना के रिपोर्ट, ब्लैक स्पॉट, गुड सेमेरिटन, अतिक्रमण, सड़क जागरुकता कार्यक्रम, यातायात व्यवस्था समेत कई बिंदुओं पर विचार विमर्श किया गया। उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाते हुए बिना हेलमेट के दो पहिया वाहन चलाने वाले एवं बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों पर नियमित रुप से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करें।

साथ ही ड्रिंक एंड ड्राइव करने वालों पर सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने एनएच को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जहां जहां साइनेज लगाने की जरूरत है, उन सभी स्थानों पर यथाशीघ्र साइनेज लगाएं। ब्लैक स्पॉट पर रबड़ स्ट्रिप लगाने के निर्देश दिए गए।

शहरी क्षेत्रों में ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाने को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही गई। बैठक में मुख्य रूप से पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी रिया सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, सभी अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद थे।